पेंटिंग में प्रांजल व निबंध में अभिज्ञान ने मारी बाजी
श्रीनगर गढ़वाल
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयकर विभाग द्वारा रोटरी क्लब अलकनन्दा वैली तथा रेनबो पब्लिक स्कूल के सहयोग से दो दिवसीय कार्यक्रम किया गया। पहले दिन प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों की पर्यावरण विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता तथा जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों की आज़ादी के अमृत महोत्सव पर निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें क्षेत्र के दस विद्यालय के 93 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सोमवार को वृक्षारोपण, सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण समारोह किया गया।
प्राइमरी वर्ग की पेंटिंग प्रतियोगिता में शेमफोर्ड प्यूचरिस्टिक स्कूल के प्रांजल सेमल्टी ने प्रथम, रेनबो पब्लिक स्कूल के रुद्रप्रताप व इशिका रावत ने द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग की निबन्ध प्रतियोगिता में आरसी मेमोरीयल पब्लिक स्कूल के अभिज्ञान भट्ट ने प्रथम, रेनबो पब्लिक स्कूल के यश भट्ट ने द्वितीय व भगवती मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रियांजुल गिरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह की मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त रश्मि सक्सेना साहनी द्वारा बच्चों की प्रतिभा को देखकर उनकी प्रशंसा की व बच्चों को अच्छे करियर को चुनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आयकर जागरूकता व आयकर दाताओं के कर संग्रहण द्वारा देश में महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्यों के बारे में जानकारी भी दी। मौके पर आयकर आयुक्त लखनऊ ज्योत्सना जौहरी, आयकर आयुक्त दिल्ली तारिक कलीम द्वारा पर्यावरण जागरूकता व छोटे बच्चों द्वारा पर्यावरण पर बनाई गई पेंटिंग व निबंध लेखन की सराहना की। मौके पर रोटरी क्लब अलकंनदा वैली के सचिव वेदव्रत शर्मा, सहायक आयकर आयुक्त नीति रंजन, निखिल सारस्वत, धनेश उनियाल, नवल किशोर जोशी, अर्जुन सिंह गुसांई, जयकृत सिंह कंडारी, डा. सुनील बिजलवाण, अजय प्रकाश जोशी, डा. राहुल बहुगुणा, डा. प्रशांत पंवार आदि मौजूद रहे।
