UTTARAKHAND

कटक टी20 जीतने के बाद टेंबा बावुमा ने कहा- टीम थोड़ा और अच्छा कर सकती थी

नई दिल्ली

दक्षिण अफ्रीका ने 5 मैचों की सीरीज के दूसरे टी20 मैच में भारत को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत से मेहमान प्रोटियाज टीम सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है। भारत के 149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 18.2 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर जीत लिया। इस जीत के बावजूद मेहमान टीम के कप्तान टेंबा बावुमा ने कहा कि उनकी टीम इस मुकाबले में थोड़ा और अच्छा कर सकती थी। सीरीज का तीसरा टी20 मैच 14 जून को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।
जीत के बाद टेंबा बावुमा ने कहा, लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा पेचीदा रहा। मैं पिच पर टिके रहने की कोशिश कर रहा था और मैंने (हेनरिक) क्लासेन को खुलकर खेलने दिया। हम थोड़ा और अच्छा कर सकते थे लेकिन आखिर में नतीजा ही मायने रखता है। हेनरिक क्लासेन ने 81 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका अदा की, उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। क्लासेन को क्विंटन डि कॉक के चोटिल होने के कारण इस मैच में मौका मिला था जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया।
मैच की बात करें तो, भारत की ओर से श्रेयस अय्यर ने 40 रन की पारी खेली जबकि ईशान किशन 34 रन बनाकर आउट हुए। फिनिशिर के तौर पर टीम में शामिल किए गए दिनेश कार्तिक ने 21 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाए। ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ लगातार दूसरे मुकाबले में फ्लॉप रहे। वह 4 गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद हेनरिक क्लासेन के 46 गेंदों पर खेली गई 81 रन की पारी के दम पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। ओपनर टेंबा बावुमा ने 30 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली, जबकि डेविड मिलर 15 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। भुवी ने अपने चार ओवर के स्पैल में 13 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। क्लासेन को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।