NATIONAL

भ्रष्ट अफसरों पर बड़ा आयकर विभाग का एक्शन, कानपुर, लखनऊ, दिल्ली और बंगाल के ठिकानों पर की छापेमारी

लखनऊ

इनकम टैक्स विभाग ने उत्तर प्रदेश के उन सरकारी अफसरों के खिलाफ छापेमारी की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिनके खिलाफ सरकारी योजनाओं में सेंध लगाकर भ्रष्टाचार करने के आरोप हैं। यह छापेमारी यूपी के शहरों ही नहीं, बल्कि दिल्ली और कोलकाता में भी चल रही है। इस रेड की चपेट में आने वाले यूपी के अधिकारियों में उद्योग और उद्यमिता विभाग के बड़े अधिकारी शामिल हैं, जिनके ठिकानों पर रेड मारी जा रही है। आईटी विभाग ने तीन दिनों के इस सर्च अभियान को ‘ऑपरेशन बाबू साहेब’ का नाम दिया है। इसके तहत उन आरोपी अधिकारियों पर नकेल कसी जा रही है, जो सरकारी योजनाओं में घोटाले कर रहे हैं। ऐसे अफसरों में यूपी के वरिष्ठ नौकरशाह जैसे उपायुक्त राजेश यादव, प्रवीण सिंह, उद्योग विभाग के एक मैनेजिंग डायरेक्टर आदि के नाम शामिल हैं। लखनऊ, कानपुर के साथ ही इन अफसरों के दिल्ली और कोलकाता स्थित ठिकानों पर भी छापे मारे गए हैं।
बताया जा रहा है कि आईटी विभाग के रडार पर ऐसे एक दर्जन से ज्यादा अफसर हैं, जो भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते छापेमारी के शिकार होने वाले हैं। इस ​अभियान को तीन दिनों तक जारी रखा जाने वाला है, यानी शुक्रवार से रविवार तक रेड डाली जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले गोल्डन बास्केट फर्म से जुड़े अंचित मंगलानी और प्रतिभा यादव के आवासों पर भी रेड डाली थी। इसके बाद से ही यूपी के अफसरों में बेचौनी देखी जा रही है।