UTTARAKHAND

कोविडरोधी टीकाकरण केंद्र पर लटका रहा ताला

रुड़की

कोविडरोधी टीकाकरण के लिए लोगों को करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। पल्स पोलियो अभियान में कर्मचारियों की ड्यूटी के कारण सेंटर पर ताला लटका रहा। शनिवार तक इस तरह की समस्या रह सकती है।
सिविल अस्पाल में लंबे समय से कोविडरोधी टीके लगाए जा रहे हैं। पहले अन्य जगहों पर भी केंद्र बनाए गए थे। लेकिन वर्तमान में सिविल अस्पताल में ही टीकाकरण हो रहा है। रैन बसेरे में बनाए गए सेंटर में बारह प्लस से लेकर बूस्टर डोज तक लगाई जा रही है। अन्य दिनों में यह केंद्र सुबह नौ बजे खुल जाता है। बुधवार को भी कई लोग टीकाकरण के लिए पहुंचे थे। लेकिन केंद्र पर ताले लटके हुए थे। करीब तीस लोग ताले देखकर वापस लौट गए। लोगों के लौटने का सिलसिला चलता रहा। कुछ लोग केंद्र खुलने का इंतजार करते रहे। करीब पौने बारह बजे अरबन हेल्थ अफसर रामकेश गुप्ता सेंटर पर पहुंचे। उन्होंने फोन पर टीकाकरण के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था करने के लिए फोन करने शुरू किए। एक महिला कर्मचारी अवकाश पर थी। एक पुरुष कर्मचारी भी नहीं आए थे। इन दिनों डोर-टू-डो पल्स पोलियो अभियान कार्यक्रम भी शुरू हुआ है। रविवार को बूथों पर ड्राप पिलाई गई। अब घर-घर अभियान चल रहा है। कई कर्मचारियों की ड्यूटी उसमें लगाई गई। करीब बारह बजे टीकाकरण केंद्र के ताले खुले। उसके बाद टीकाकरण शुरू हो पाया। अरबन हेल्थ अफसर ने बताया कि कर्मचारियों की कमी है। कुछ कर्मचारी पल्स पोलियो अभियान में लगे है। शनिवार तक अभियान चलना है। तब तक कुछ परेशानी रह सकती है।