अंडरपास की स्वीकृति पर ग्रामीणों ने जताई खुशी
ऋषिकेश
मोतीचूर में हरिपुरकलां गांव के लिए अंडरपास की स्वीकृति पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। उन्होंने अंडरपास की टेंडर प्रक्रिया करवाने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताया। रविवार को बैराज स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे हरिपुरकलां के ग्रामीणों ने विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका आभार जताया। कहा कि देहरादून हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीचूर में हरिपुर कला गांव के लिए अंडरपास बनाए जाने को लेकर ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। विस अध्यक्ष के प्रयास से अंडरपास को स्वीकृति मिल पाई है। अंडरपास कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इससे ग्रामीण खुश हैं। विस अध्यक्ष ने कहा कि अंडरपास बनाए जाने का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। इससे हरिपुरकलां के स्थानीय निवासियों को आवागमन में होने वाली असुविधा से निजात मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सर्विस रोड की कनेक्टिविटी नेशनल हाईवे फ्लाईओवर से बनाए रखने के लिए भी आश्वस्त किया। मौके पर भाजपा श्यामपुर मंडलाध्यक्ष गणेश रावत, महिला मोर्चा जिला मंत्री शिवानी भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश गौनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज पाल, विनोद भट्ट, राजेश जुगलान आदि उपस्थित थे।

