लखनऊ-अयोध्या रोड पर सी.एम.एस. के नये कैम्पस का भव्य उद्घाटन समारोह आज
लखनऊ,
लखनऊ-अयोध्या रोड पर सिटी मोन्टेसरी स्कूल के नवनिर्मित नये कैम्पस भव्य उद्घाटन समारोह कल 4 जून, सोमवार को प्रा: 9.00 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया है। सी.एम.एस. का यह नया कैम्पस तिवारी गंज क्रासिंग व बीबीडी यूनिवर्सिटी के पास मेन रोड पर स्थित है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी फीता काटकर ‘सी.एम.एस. अयोध्या रोड कैम्पस’ का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, सी.एम.एस. के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफीसर रोशन गाँधी समेत सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पसों की प्रधानाचार्यायें, शिक्षक, छात्र व अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का यह नया कैम्पस अभी मान्टेसरी से कक्षा-7 तक छात्रों को सर्वांगीण विकास की उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने हेतु खोला गया है, जिसका शीघ्र ही विस्तार किया जायेगा। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का यह नया ‘अयोध्या रोड कैम्पस’ बी.बी.डी. यूनिवर्सिटी के निकट तिवारीगंज क्रासिंग पर स्थिति है, जिसमें उद्घाटन समारोह के उपरान्त तत्काल छात्रों की पढ़ाई शुरू हो जायेगी। सी.एम.एस. का यह नव-निर्मित कैम्पस मुख्यत: प्री-प्राईमरी से जूनियर कक्षाओं के छात्रों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से निर्मित किया गया है तथापि छात्रों को आधुनिक तरीके से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु अनेकों सुविधाएं प्रदान की गई हैं जिनमें हवादार क्लासरूम, नन्हें-मुन्हें बच्चों के लिए प्ले एरिया, प्रत्येक कक्षा में इण्टरएक्टिव व्हाइट बोर्ड, अभिभावकों व आगन्तुकों हेतु सुसज्जित लॉबी आदि प्रमुख हैं। लखनऊ में सी.एम.एस. के 21 कैम्पस है, जिनमें 60,000 से अधिक छात्रों का सर्वांगीण विकास हो रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि सर्वाधिक छात्र संख्या के आधार पर सी.एम.एस. का नाम गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज है तथापि छात्रों को सर्वोत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के साथ ही जीवन मूल्यों व चारित्रिक गुणों के विकास हेतु सी.एम.एस. को यूनेस्को शांति शिक्षा पुरस्कार के साथ ही अन्य सम्मानों से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर नवाजा जा चुका है।

