CRIME

युवती की हत्या में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुडकी

चंदपुरी खुर्द गांव में हत्या की शिकार युवती ज्योति का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके घर पहुंच गया। देर शाम परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गुरुवार सुबह मृतका के भाई ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। खानपुर के गांव चंदपुरी खुर्द निवासी ओमप्रकाश की बेटी ज्योति (20) मंगलवार को बरसीम काटने अपने खेत में गई थी। शाम तक वापस नहीं लौटी तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद उसका पता नहीं चला। बुधवार सुबह भी परिजन खुद ही उसकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान उन्हें ज्योति का शव खेत से थोड़ी ही दूरी पर स्थित नाले के किनारे घास में पड़ा मिला था। उसके गले पर निशान भी थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद प्रथम दृष्टया इसे हत्या मानते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन शव को वापस गांव ले आए। देर शाम सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में परिजनों ने अत्यंत गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गुरुवार सुबह ज्योति का भाई सुशील गांव के लोगों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की तहरीर दी। एसओ अभिनव शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में कई बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद जल्दी ही इसका खुलासा कर हत्यारे को गिरफ्तार किया जाएगा।