संपूर्ण उत्तराखंड में आयोजित किया जा रहा वृक्ष मित्र अभियानः ममता सिंह
देहरादून,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तरांचल के एसएफडी आयाम के तत्वावधान में वृक्ष मित्र अभियान संपूर्ण उत्तराखंड में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तरांचल की प्रांत अध्यक्ष डाक्टर ममता सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुकता हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में हैरिटेज स्कूल नोर्थ कैंपस में 201 विद्यार्थियों ने मानव श्रंृखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम में शिक्षक और विद्यार्थियों ने वर्ष भर पौधारोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण एवं प्रकृति के संरक्षण से ही हम शुद्ध हवा शुद्ध जल एवं अन्य प्राकृतिक लाभ ले सकते हैं। वक्ताओं ने कहा कि पौधों के संरक्षण एवं प्रकृति कि स्वच्छता का कार्य प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर कार्यक्रम में द हैरिटेज स्कूल के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक सिद्धार्थ चौधरी, प्राचार्या एस भाटिया, शुभि माथुर, पूनम गुसांईं, क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

