घर में घुसकर मारपीट में एक गंभीर
रुड़की
रंजिश के चलते घर में घुसकर की गई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर में भर्ती कराया गया। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। जिसमें एक महिला समेत तीन आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। नारसन क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर जाट निवासी सुबोध पुत्र चंद्रपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के कुछ लोग उससे और उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। इसी के चलते आरोपी 19 जुलाई की शाम को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर उसके घर में आए। आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पसलियां टूट गई। शोर सुनकर जब पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों तथा परिजनों की सहायता से पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। इस संबंध में अब पीड़ित द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई जिसमें एक महिला सहित तीन आरोपियों को नामजद किया गया। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि नामजद किए गए आरोपियों बालेंद्र, सुमित तथा सतबीरी सभी निवासी ग्राम मोहम्मदपुर जट्ट कोतवाली मंगलौर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।

