विकास शर्मा बने आप के रुड़की जिलाध्यक्ष
रुड़की
विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष विकास शर्मा ने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी की सदस्यता ली। प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया और अन्य पदाधिकारियों ने पार्टी में आए लोगों का स्वागत किया। इस दौरान विकास शर्मा को आप का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। रामनगर चुंगी के पास हुए कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि आम आदमी की अपेक्षा को पूरा करने के लिए सभी तन, मन, धन से कार्य करेंगे। आम आदमी शिक्षा, स्वास्थ, पानी और बिजली की मांग करता है। लेकिन यहां कि सरकार यह मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करवा पाई। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था बदतर है। दिल्ली में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लोग ले रहे हैं। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि दिल्ली में तीसरी बार आम आदमी पार्टी ने सरकार केवल अपने किए गए कामों के दम पर बनी है। आप के प्रत्याशियों की जीत का अंतर लगातार बढ़ा है। पांच साल बाद वोट मांगने आए उससे जनता को हिसाब मांगना चाहिए। जनता जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछना सीख गई तो राजनीति बदल जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अब सीधा मुकाबला आप का भाजपा के साथ है। प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि 22 सालों में उत्तराखंड में कोई विकास नहीं हुआ। प्रदेश उपाध्यक्ष व रुड़की जिले के प्रभारी प्रेम सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। लोग लगातार पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर संगठन के साथ जुड़ रहे हैं। इस दौरान विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष विकास शर्मा ने अपने करीब 75 समर्थकों के साथ आप की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के विकास कार्यों और दिल्ली मॉडल को देखते हुए अब आम आदमी पार्टी के लिए कार्य करेंगे। कार्यक्रम में दुष्यंत महारथी, नरेश प्रिंस, सुरेंद्र शर्मा, अनिल कश्यप, राजपाल जैन, महेश त्यागी, विभोर सैनी, बिजेंद्र शर्मा, डॉ. राजेश राजपूत, विपिन गोयल, सुरेंद्र शर्मा, महेश त्यागी, सुनील सैनी, विभोर, जॉनी कुमार, परवेज आलम आदि मौजूद रहे।

