कर्मचारी के ऊपर गिरा टायर का भारी सांचा, मौत
रुड़की
टायर के मोल्ड (सांचा) बनाने वाली कंपनी में काम कर रहे कर्मचारी पर भारी भरकम मोल्ड गिर गया। इससे घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची लक्सर कस्बा चौकी की पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा रही है। लक्सर नगर के लोको कालोनी मोहल्ले का युवक रोशन (30) लक्सर से सटे गांव शेखपुरी के पास एक निजी कंपनी में लेबर का काम करता है। कंपनी लक्सर में स्थित एक निजी टायर फैक्ट्री के लिए टायर के मोल्ड (सांचे) तैयार करती है। सोमवार को रोशन सुबह दस बजे से शुरू होने वाली पहली शिफ्ट में ड्यूटी दे रहा था। अचानक टायर का भारी भरकम मोल्ड उसके ऊपर गिर पड़ा। कई कुंतल वजन का भार गिरने से रोशन बुरी तरह घायल हो गया। साथी कर्मचारियों ने किसी तरह मोल्ड को हटाकर उसके नीचे से रोशन को बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद उसे एक स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे हरिद्वार ले जाने के लिए निकले, परंतु इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को रास्ते में से ही वापस ले जाया गया। सूचना पर लक्सर कस्बा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए रुड़की भेज दिया। चौकी प्रभारी नीरज रावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। इसके बाद अगर मृतक के परिजन तहरीर देंगे, तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

