जनता ने भाजपा को विश्वास के साथ सौंपी थी पुनः सत्ता, फिर भी मिली महंगाईः जोत सिंह
देहरादून,
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने कहा है कि देश की जनता ने जिस आशा और विश्वास के साथ विगत लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से देश की सत्ता कि बागडोर भाजपा के हाथों में सौंपी थी क्या भाजपा जनता के उस विश्वास की रक्षा कर पाई यह सवाल आज देश के हर नागरिक के जहन में दौड़ रहा है। असज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश खास कर गरीब और मध्यम वर्ग के लोग तथा देश का बेरोजगार साधनों के अभाव में जिस महंगाई से जूझ रहा है वह महंगाई भाजपा के द्वारा देश की जनता पर थोपी गई महंगाई है। भाजपा के राज में पनप रहा भ्रष्टाचार भाजपाइयों की देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के टैक्स के पैसे से विधायकों को खरीदने में लगा रही है। आम जनता की खून पसीने की मेहनत की कमाई को अपने अरबपति दोस्तों के कर्जे माफ करने में लगा रही है। भाजपा जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे से विधायकों की खरीद फरोख्त करके अबतक कई राज्यों में दूसरी पार्टियों की सरकार गिरा चुकी है। भाजपा ने विगत कुछ समय में महाराष्ट्र में सरकार गिरायी। उन्होंने कहा कि गोवा में सरकार गिरायी, कर्नाटक में सरकार गिरायी, आसाम में सरकार गिरायी, मध्य प्रदेश में सरकार गिरायी, बिहार की सरकार गिरने का प्रयास किया, अरुणाचल प्रदेश की सरकार गिरायी, मणिपुर की सरकार गिरायी, मेघालय की सरकार गिरायी। उन्होंने कहा कि इन सब जगह पर भाजपा का ऑपरेशन लोटस कामयाब रहा लेकिन दिल्ली में बुरी तरह से फेल हो गया। उन्होंने कहा कि जनता बडी उम्मीद से एक सरकार चुनती है और भाजपा पैसों के दम पर विधायक खरीद के उस सरकार को गिरा देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सरकार गिराने का सभी जगह एक ही तरीका अपनाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन सभी राज्यों में सीबीआई व ईडी की रेड का डर दिखाकर और खरीद फरोख्त करके भाजपा अब तक देशभर में 277 विधायकों को खरीद चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी भाजपा ने आम आदमी पार्टी के एक-एक विधायक को 20-20 करोड रुपए का ऑफर दिया। भाजपा को 40 एमएलए चाहिए, तो हम भाजपा से यह पूछना चाहते हैं कि इसके खरीद फरोख्त के लिए इन्होंने 800 करोड़ कहां रखे हुए हैं आखिर इतना पैसा भाजपा कहां से लाएगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली के 800 करोड मिला दे तो अब तक 6300 करोड रूपये भाजपा विधायकों को खरीदने में खर्च कर चुकी है। उन्होंने कहा कि आखिर भाजपा इतना पैसा कहाँ से लाती है और यह किसका पैसा है। उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई इतनी बढा दी की हर आदमी महंगाई से बहुत परेशान है। उन्होंने कहा कि 2014 में पेट्रोल का दाम था 60 रुपये, आज बढ़ाकर 110 रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि सीएनजी गैस 35 रुपये में मिलती थी, आज 75 रुपये हो गयी है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस का सिलेंडर 410 रुपये में मिलता था आज 1100 रुपये का हो गया है। खाने का तेल 70 रुपये में मिलता था, आज 200 का हो गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह हर खाने पीने के दाम बढ़ गए हैं, हर चीज के दाम दुगने, तिगुने बढ़ चुके है। इतनी महंगाई के ऊपर से जीएसटी बढ़ा दी। आखिर यह पैसा कहां जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने गृह राज्य गुजरात के चुनावों के साथ अभी से 2024 के चुनाव मे भाजपा कि डूबती नैया को पार लगाने के लिए अपने मजबूत विरोधियों को सत्ता का दुरुपयोग करके डर धमाकाकर के मुंह बंद करने का जो षड़यंत्र कर रहे थे, पर दिल्ली में जिस तरह से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने बहुत मजबूती से ब्रेक लगाया। इस अवसर पर वार्ता में अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

