सिंतबर माह में भारा केंद्र का खजाना, अगस्त का जीएसटी कलेक्शन 1.44 लाख करोड़ रुपये लगातार छठवें माह कलेक्शन 1.40 लाख करोड़ से ज्यादा
नई दिल्ली
सितंबर माह की शुरुआत मोदी सरकार के लिए एक अच्छी खबर के साथ हुई है। वित्त मंत्रालय ने 01 सितंबर को पिछले महीने यानी अगस्त 2022 में हुए जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े जारी किए। आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2022 में जीएसटी कलेक्शन 1.44 लाख करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 28 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल अगस्त में सरकार को जीएसटी से 1,12,020 करोड़ रुपये मिले थे।
वित्त मंत्रालय ने कहा, अगस्त 2022 लगातार छठा ऐसा महीना रहा है, जब जीएसटी कलेक्शन 1.40 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है। हालांकि यह जुलाई 2022 की तुलना में 04 फीसदी कम है। इससे पहले जुलाई 2022 में केंद्र को जीएसटी से 1,48,995 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। वहीं जून 2022 में जीएसटी कलेक्शन 1,44,616 करोड़ रुपये रहा था। इससे एक महीने पहले यानी मई 2022 में सरकार को जीएसटी से 1.40 लाख करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इस साल अप्रैल में जीएसटी ने सबसे ज्यादा कलेक्शन का रिकॉर्ड बनाया था। अप्रैल 2022 में मोदी सरकार को जीएसटी से 1.68 लाख करोड़ रुपये मिले थे। मार्च 2022 में भी इनडाइरेक्ट टैक्स से 1.42 लाख करोड़ रुपये मिले थे। इससे पहले फरवरी में जीएसटी कलेक्शन 1.33 लाख करोड़ रुपये रहा था।
वित्त मंत्रालय ने बताया कि अगस्त माह के दौरान केंद्र को सेंट्रल जीएसटी से 24,710 करोड़ रुपये मिले। वहीं स्टेट जीएसटी से 30,951 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी से सरकार को 77,782 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। इंटीग्रेटेड जीएसटी कलेक्शन में सामानों के आयात पर वसूले गए 42,067 करोड़ रुपये भी शामिल हैं। इनके अलावा सेस से 10,168 करोड़ रुपये आए, जिसमें सामानों के आयात से हुआ 1,018 करोड़ रुपये का संग्रह शामिल है। इस तरह अगस्त महीने के दौरान सरकार को जीएसटी से कुल 1,43,612 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
इस वित्तीय साल में मोदी सरकार अब तक जीएसटी से 7.46 लाख करोड़ रुपये जुटा चुकी है। यह पिछले वित्तीय साल के पहले 05 महीनों के दौरान प्राप्त जीएसटी रेवेन्यू की तुलना में 33 फीसदी अधिक है। मंत्रालय ने जीएसटी कलेक्शन के साथ ही ई-वे बिल के आंकड़े भी जारी किए। आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2022 में 7.6 करोड़ ई-वे बिल जेनरेट हुए। यह जून 2022 के 7.4 करोड़ ई-पे बिल की तुलना में कुछ ही ज्यादा है। वहीं यह आंकड़ा साल भर पहले यानी जुलाई 2021 के 6.4 करोड़ ई-वे बिल की तुलना में 19 फीसदी अधिक है। मंत्रालय ने बयान में कहा, श्टैक्स की बेहतर रिपोर्टिंग और इकोनॉमिक रिकवरी से जीएसटी कलेक्शन के ऊपर लगातार सकारात्मक असर पड़ रहा है। मंत्रालय ने कहा कि बीते महीनों के दौरान जीएसटी काउंसिल ने कई फैसले लिए, जिसका साफ असर दिखने लगा है।

