सीवर प्लांट का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
देहरादून
नकरौंदा पिण्डरवैली स्थित क्षेत्र में सीवर प्लांट बनाये जाने का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों को पुलिस द्वारा जबरन गाड़ियों में बैठा कर पुलिस लाईन लाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं नकरौंदा के पूर्व प्रधान बुध देव सेमवाल ने कहा कि सरकार हठधर्मिता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा विरोध सीवर प्लांट का नहीं है इसे अन्यत्र स्थापित किया जाए जिससे क्षेत्र के निवासियों को दिक्कत न हो और पहले ही कुंआवाला शराब फैक्ट्री की दुर्गंध से यहां के लोग प्रभावित हैं। इस अवसर पर डोईवाला से कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी रहे गौरव चौधरी ने कहा कि सरकार उत्पीड़नात्मक कार्यवाही कर आंदोलन को कुचलने की कोशिश कर रही है। इस अवसर पर पुलिस लाइन पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव महेश जोशी ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली पहले ही शक के दायरे में है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर पूरे शहर को तहस नहस कर दिया है जिसमें करोड़ों रुपए खर्च हो चुके हैं। इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद ललित भद्री ने आंदोलन को जायज कहा है और उन्होंने कहा कि जबरन आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया जाना अनुचित है इसका विरोध किया जायेगा। इस अवसर पर गिरफ्तार किये जाने वालों में बुद्ध देव सेमवाल, गौरव चौधरी, राहुल खरोला, रोहित पांडे, बलबीर सिंह, महेशा नंद पुरोहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।

