पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छात्र मिला सकुशल
हरिद्वार
कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई से घर से पडोसी की साइकिल लेकर लापता हुए किशोर को सकुशल बरामदगी में अहम भूमिका निभाई है। कनखल पुलिस ने बस परिचालक से सम्पर्क करते हुए किशोर को उसके नाना के सुपूर्द कराया है। पुलिस की सक्रियता की परिजनों ने जमकर प्रशंसा की है। कनखल प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि 13 नवम्बर की शाम को पवन कुमार निवासी भागीरथी विहार मिस्सरपुर थाना कनखल ने जगजीतपुर चौकी पहुंचकर सूचना दी कि उनकी साली का बेटा प्रशांत कुमार उम्र 14 वर्ष जोकि गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार में कक्षा आठवीं का छात्र है तथा हॉस्टल में रहकर पड़ता है को हम छुट्टी के दिन अपने घर लाए थे। शाम को 6 बजे उसको वापस हॉस्टल में छोड़ना था, लेकिन उससे पूर्व ही करीब साढे़ चार बजे प्रशांत पड़ोसी की साइकिल लेकर कहीं चला गया और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो किशोर प्रशांत कुमार एक साइकिल से हरिद्वार बस अड्डे की ओर जाता दिखाई दिया तथा रास्ते के कैमरे को देखा तो प्रशांत कुमार नजीबाबाद डिपो की बस में चढता देखा गया। जिसके बाद पुलिस ने उक्त बस के परिचालक का नंबर तलाश कर उससे संपर्क कर बच्चे के सम्बंध में जानकारी दी गई तथा परिजनों/पुलिस के आने तक उसकी देखरेख के लिए कहा गया। वहीं प्रशांत के नाना मुनेश, जोकि नजीबाबाद के निकट शाहपुर के निवासी हैं, को मामले से अवगत कराते हुए तत्काल नजीबाबाद पहुंचने के लिए कहा गया। स्थानीय पुलिस की तत्परता से बीती रात 10 बजे किशोर को उसके नाना मुनेश ने बस परिचालक से अपनी सुपुर्दी में ले लिया। बालक के सकुशल मिलने पर उसके परिजनों तथा स्थानीय लोगो ने कनखल पुलिस की जमकर प्रशंसा की है।

