HARIDWARUTTARAKHAND

व्यापारी बोले- प्रशासन पहले सरकारी संपत्ति से हटाए अतिक्रमण

हरिद्वार

अतिक्रमण पर कार्रवाई के खिलाफ शहर व्यापार मंडल की 52 इकाइयों की अहम बैठक सोमवार को ललतारौ पुल के निकट गुरुद्वारे में हुई। व्यापारी नेताओं ने बैठक में स्पष्ट कहा कि प्रशासन पहले सरकारी संपत्ति से अतिक्रमण हटाए उसके बाद व्यापारियों पर कार्रवाई करे। शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रशासन ने व्यापारियों का उत्पीड़न किया तो व्यापारी 48 घंटे के बंद का आह्वान करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से अतिक्रमण पर कार्रवाई करने की घोषणा से व्यापारी वर्ग में उबाल है। व्यापार मंडलों में इसको लेकर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। सोमवार को शहर व्यापार मंडल की 52 इकाइयों ने बैठक कर कहा कि अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव पराशर ने कहा कि पहले रोड़ीबेलवाला और बैरागी कैंप की सरकारी जमीन से प्रशासन अतिक्रमण हटाए, उसके बाद बाजार में आए। उन्होंने कहा कि यदि सौहार्दपूर्वक तरीके से प्रशासन व्यापारियों से वार्ता करेगा तो ठीक है। यदि प्रशासन की जेसीबी बाजार में आती है तो व्यापारी 48 घंटे के बाजार बंद करने को मजबूर होंगे।