स्कूटर और बाइक से तेल चुराते दो युवक पकड़े
विकासनगर
राजस्व क्षेत्र साहिया के अंतर्गत बीते गुरुवार को टमाटर की क्रेट और आम के बोरों की चोरी को लेकर किसान परेशान हैं। वहीं शुक्रवार रात को ग्रामीणों ने दो युवकों को तारली खड्ढ के पास स्कूटर और बाइक से तेल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। बाद में आपसी समझौता कर दोनों को छोड़ दिया। तारली खड्ढ के पास से गुरुवार की रात को पांच किसानों की 73 क्रेट टमाटर व दो बोरे आम के चोरी हो गये। शुक्रवार सुबह जब किसान मंडी में अपने टमाटर व आम ले जाने के लिए पहुंचे तो वहां से टमाटर व आम के बोरे गायब मिले। अब तक चोरों का पता नहीं चल पाया। राजस्व पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। शुक्रवार की रात को सेंज व तारली गांव के लोग अपनी फसलों की निगरानी के लिए खड्ढ के पास गुपचुप तरीके से बैठकर निगरानी कर रहे थे। तभी दो युवक वहां पहुंचकर तारली गांव के लोगों के स्कूटर और बाइकों से तेल चोरी करते हुए पकड़े गये। जिनकी ग्रामीणों ने मौके धुनाई कर दी। लेकिन बाद में जान पहचान होने और दोनों युवकों का कोई आपराधिक रिकार्ड न होने पर छोड़ दिया। साहिया क्षेत्र के राजस्व उपनिरीक्षक सुखदेव जिनाठा ने बताया कि मामला चौकी तक पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों की आपसी सहमति से दोनों युवकों को छोड़ दिया है। कहा कि कोई तहरीर मिली तो कार्रवाई की जायेगी।

