पथरी में हाथियों के आतंक से ग्रामीण भयभीत
हरिद्वार।
पथरी क्षेत्र के गांव बिशनपुर, कटारपुर और फेरुपुर के खेतों में हाथियों का झुंड घुस रहा है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। हाथी खेतों के अलावा गांव का भी रुख कर रहे हैं। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। गांव फेरुपुर, बिशनपुर, कुंडी, रानीमाजरा, चांदपुर के किसान मुन्नालाल, सुशील, परमजीत, दीपक, रहमान, दिलशाद, शमशाद, राजेश कुमार, दिनेश कुमार ने बताया कि हाथी प्रतिदिन चार से पांच बीघा गन्ने की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। किसान पप्पू सिंह, शेर सिंह, प्रीतम सिंह, गुरमीत सिंह रानीमाजरा ने बताया कि उनकी करीब सात एकड़ गन्ना की फसल का हाथियों ने नुकसान कर दिया है। हाथियों ने फेरुपुर निवासी रूपचंद, कंवरपाल चौहान की घर की दीवार गिरा दी। इसके अलावा नेत्रराम के घर के अंदर प्रवेश कर गए घर के सदस्यों ने भाग कर जान बचाई। बिशनपुर क्षेत्र वन दरोगा गौतम राठौर ने बताया कि हाथियों द्वारा हुए ग्रामीणों व किसानों के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट बनाई जा रही है। जल्द नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।

