Uncategorized

छात्र के अपहरण मामले का एक और आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश।

ऋषिकेश पुलिस ने नाबालिग छात्र का अपहरण कर 15 लाख की फिरौती मांगने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुख्य आरोपी की मदद करने वाले उसके दोस्त को मनसा देवी फाटक, गुमानीवाला से पकड़ा गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। तीन दिन पूर्व श्यामपुर क्षेत्र से 12 वर्षीय छात्र का अपहरण कर 15 लाख की फिरौती मांगने के मामले में एक और कड़ी जुड़ गई है। मुख्य आरोपी राजन उर्फ भोला की एक युवक ने मदद की। उसकी मदद करने के आरोप में चंदन कुमार पुत्र हरि यादव निवासी सरैया खैरा, टोला थाना पहाड़पुर जिला मोतिहारी, बिहार हाल निवासी ट्रॉनिका सिटी गाजियाबाद को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस का आरोप है कि चंदन ने कॉल कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फिरौती की डिमांड की थी। मुख्य आरोपी राजन ने पुलिस पूछताछ में यह बात बताई थी। कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।