UTTARAKHAND

भवन कर वसूली को नगर निगम सख्त

ऋषिकेश।

नगर निगम ऋषिकेश भवन कर और व्यवसायिक कर नहीं चुकाने वालों पर सख्ती करेगा। कर नहीं चुकाने पर अब कुर्की की कार्रवाई झेलनी पड़ सकती है। ऐसे बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर उन्हें डिमांड नोटिस भी भेजे गये हैं। कर न चुकाने पर एक सप्ताह में ऐसे लोगों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई होगी। नगर निगम ऋषिकेश के नगर आयुक्त नरेन्द्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि निगम की ओर से तय भवन और व्यवसायिक कर नहीं चुकाने पर अब कुर्की की कार्रवाई की जायेगी। बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर नोटिस भेजे गये हैं। इन्हें एक सप्ताह का समय दिया गया है। कर न चुकाने पर एक सप्ताह बाद निगम ऐक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई की जायेगी। ज्ञात हो कि इस वित्तीय वर्ष में भवन एवं स्वच्छता कर वसूलने का करीब एक करोड़ बीस लाख रुपये कर लक्ष्य रखा गया है। लेकिन बीते चार महीनों में अब तक दस प्रतिशत टैक्स भी निगम नहीं वसूल हो पाया है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में निगम ने एक करोड़ 14 लाख का टैक्स वसूला। लेकिन बीते वित्तीय वर्ष में भी कोरोना के चलते निगम 67 लाख 12 हजार रुपये ही भवन एवं स्वच्छता कर वसूल पाया। जबकि लक्ष्य करीब सवा करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था। इस वित्तीय वर्ष में भी अभी तक कोरोना संक्रमण के चलते टैक्स वसूली बहुत कम हो रही है। इससे निगम का खजाना खाली हो रहा है। इस वित्तीय वर्ष में शहर की करीब 11 हजार संपत्तियों से एक करोड़ बीस लाख रुपये टैक्स वसूली निर्धारित की गई है।