HARIDWAR

नसिरपुर कलां में पेयजल संकट

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के नसिरपुर कलां में ग्रामीणों को पानी का संकट झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में चलाई गई पेयजल योजना को पंचायत के हैंडओवर नहीं किया गया है। पानी की टंकी की देखभाल के लिये भी कोई कर्मचारी नहीं है। जिससे पिछले एक सतह से ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। गांव नसिरपुर कलां में पेयजल योजना होने के बावजूद ग्रामीणों को पीने का पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण जहीर हसन, नसीम अहमद, मुनीर, शहनवाज, राशिद, सजिद अली, शहजाद, बिन्दु आदि का है कि ग्राम जलसंस्थान द्वारा पानी की टंकी की देखभाल के लिये कोई कर्मचारी नहीं लगाया गया है न ही उसे पंचायत के हैंडओवर किया गया है। टंकी पर कर्मचारी नहीं होने के कारण बोरबेल में लगी मोटर जल गई है। जिसके कारण ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। इससे पूर्व भी दो घंटे ही पानी दिया जाता था। दो घंटे पानी की सप्लाई से ग्रामीणों की जरूरतें पूरी नहीं हो पाती थी। ग्रामीण इलियाश, यासीन, जहीर, फुरकान, रहमान, निशार, सौकीन, राजेश, नोसाद अली ने ग्राम सचिव से पानी की व्यवस्था ठीक करने की मांग की है। ग्राम प्रधान गुलनाज ने बताया छह हजार की आबादी पानी से तरस रही है। विभाग को पानी की की टंकी पंचायत के हैंडओवर करनी चाहिए ताकि उसकी देखभाल हो सके। ग्राम सचिव अमित सैनी ने बताया टंकी पर लगे बोरवेल की बिजली की मोटर जल गई है जिसे ठीक कराया जाएगा।