आरोप-प्रत्यारोप के बजाय राहत व बचाव कार्यों में सरकार का सहयोग करें संत: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार
जोशीमठ भूधंसाव मामले में सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने वाले संतों को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने नसीहत दी है। उन्होंने अपील की है कि सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाय राहत व बचाव कार्यों में सहयोग करें और पीड़ितों के लिए भगवान से प्रार्थना करें।
मीडिया को जारी बयान में श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप लगाने का नहीं है। यह संतों का काम भी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। वह खुद जोशीमठ में पीड़ितों के घर जाकर उनका हाल-चाल जान चुके हैं और राहत और बचाव कार्य की कमान उन्होंने खुद संभाली हुई है। ऐसे में बयानबाजी करने वाले संतों को इससे बचना चाहिए। हमें सरकार का साथ देना चाहिए और सरकार के साथ खड़े होकर संकट की इस घड़ी में पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। सरकार हमेशा विकास की बात करती है। हमें एकजुट होकर सरकार का साथ देना चाहिए।

