बीएचएल क्षेत्र में लगाया गुलदार को पकड़ने को पिंजरा
हरिद्वार
गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बीएचएल क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया है। इसके साथ ही वन विभाग की टीम गुलदार के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं। बीते कई दिनों से बीएचएल क्षेत्र में एक गुलदार का मूवमेंट बना हुआ है। गुलदार को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत बनी हुई है। बीएचएल क्षेत्र में गुलदार देखे जाने को लेकर लोग कई बार इसकी जानकारी वन विभाग को दे चुके हैं। जिसके चलते वन विभाग की ओर से गुलदार को पकड़ने के लिए बीएचएल में पिंजरा लगा दिया गया है। इसके साथ ही गुलदार पर नजर रखने के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। विभाग की एक टीम दिन के समय और दूसरी टीम रात के समय गुलदार पर नजर बनाए हुए है। बीएचएल की सीमा राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की सीमा से लगे होने के कारण बीएचएल क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। बीएचएल क्षेत्र में हाथी, गुलदार आदि वन्य जीव लोगों को अपना शिकार भी बना चुके हैं। हरिद्वार वन प्रभाग की हरिद्वार रेंज के वन क्षेत्राधिकारी दिनेश नौडियाल ने बताया कि बीएचएल क्षेत्र में गुलदार देखे जाने की सूचना मिल रही थी। सतर्कता बरतते हुए गुलदार को पकड़ने के लिए बीएचएल में पिंजरा लगा दिया गया है।

