HARIDWARUTTARAKHAND

राहुल गांधी का बयान भारत तोड़ने वाला: रामदेव

हरिद्वार

योगगुरु रामदेव ने राहुल गांधी के पुजारियों को लेकर दिए गए बयान को भारत तोड़ने वाला बयान बताया। मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता में योगगुरु ने कहा कि राहुल गांधी मेहनत कर अपनी राजनीतिक जमीन हासिल करने को परिश्रम कर रहे हैं, ऐसे बयानों से उनकी छवि धूमिल होती है।
योगगुरु रामदेव ने कहा कि राहुलगांधी भारत जोड़ने की बात कर रहे हैं लेकिन ऐसे बयान से भारत तोड़ने की बात शुरू हो जाती है। ऐसे बयान किसी को भी नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत पुजारियों, तपस्वियों, ब्राह्मणों, क्षत्रियों, अगड़ों-पिछड़ों सबका देश है। ऐसा बयान नहीं देना चाहिए जिससे समाज में भेदभाव ऊंच-नीच की दीवार खड़ी हो। हमने इस दीवार को गिराने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि किसी भी वर्ग को टारगेट करके कोई बात कहना अशोभनीय है।
राहुल गांधी को भेजा कानूनी नोटिस
हरिद्वार। आरएसएस को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस में राहुल गांधी को बयान पर देशवासियों से माफी न मांगने पर मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी गई है। मंगलवार को अखिल क्षत्रिय महासभा के महामंत्री कमल भदौरिया, आरएसएस कार्यकर्ता मनोज गुप्ता व वकील अरुण भदौरिया ने भेजे गए नोटिस में राहुल गांधी पर देशवासियों की भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।