HARIDWARUTTARAKHAND

आप ने किया पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के विरोध में प्रदर्शन  

हरिद्वार

पटवारी परीक्षा का पेपर लीक हो जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लोक सेवा आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के प्रयास में पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया जिन्हें बाद में छोड़ा दिया गया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश समन्वयक जोत सिंह बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा तथा जिला अध्यक्ष संजय सैनी के नेतृत्व में सरकार तथा नकल माफिया के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए लोक सेवा आयोग के कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस पहले से ही सतर्क थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोकने का प्रयास किया। सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारी पुलिस से उलझ गए जिससे दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। इस दौरान प्रदेश समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि हर साल लाखों युवाओं को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं के साथ छलावा कर रही है। प्रदेश में एक के बाद एक भर्ती घोटाला सामने आ रहा है जिससे युवाओं में घोर निराशा है। कड़ी मेहनत कर परीक्षा देने वाले छात्रों के भवष्यि के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं संपन्न कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बार-बार परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाने वाले माफिया के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं किए जाने का यह परिणाम है कि सिस्टम में जगह-जगह सेंध लगाकर पेपर लीक करने वाले सरकार पर भारी पड़ रहे हैं। जिलाध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि जब तक सरकार पेपर लीक करने वालों के तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त नहीं करती आप लगातार धरना आंदोलन करती रहेगी। प्रदर्शन करने वालों में हेमा भंडारी, अनिल सती, ममता सिंह, नवीन मारिया, आशीष गौड़, संजू नारंग, खलील राणा, संदीप कुमार, अंकुर, पवन कुमार, शहीन अशरफ, किरण दुबे, विशाल सैनी, गीता देवी, राकेश यादव, महावीर सिंह, उस्मान आदि उपस्थित रहे।