सीएसआर फंड से टीबी मरीजों को दी पोषहार किट
हरिद्वार
जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय एवं इण्डियन ऑइल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक एनएस कुमार ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम प्रोजेक्ट निःक्षय के अन्तर्गत इण्डियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सीएसआर मद से आकांक्षी जनपद हरद्विार के क्षय रोगियों को निशुल्क अनुपूरक पोषाहार किटों का वितरण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रदेश को नशा मुक्त व टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के क्रम में जनपद हरिद्वार में निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आकांक्षी जनपद होने के कारण स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। हम आशा करते हैं कि टीबी हारेगा, देश जीतेगा। उन्होंने इण्डियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा जनपद के 304 टीबी मरीजों को गोद लेने तथा सीएसआर मद से अनुपूरक पोषाहार किट उपलब्ध कराने के कदम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इण्डियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक एनएस कुमार ने टीबी के सफल इलाज में सम्पूर्ण पोषक आहार के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने कार्यक्रम में बताया कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के अन्तर्गत विभिन्न संस्थाओं द्वारा 2800 टीबी मरीजों को गोद लिया जा चुका है, जिसके अन्तर्गत उन्हें छह माह तक निःशुल्क अनुपूरक पोषाहार किट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे प्रदेश में टीबी मरीजों को गोद लेने में हरिद्वार प्रथम स्थान पर है, जो अपने आप में काफी मायने रखता है। इस अवसर पर मानवेंद्र सिंह, नवनीत कुमार, आशीष मनु शर्मा, अनुराग जायसवाल, टीबी जिला समन्वयक डॉ सलीम सिद्दकी, अवनीश, अभिषेक आदि उपस्थित रहे।

