UTTARAKHAND

एम्स रोड धंसने पर स्पीकर अग्रवाल ने लगाई लोनिवि अधिकारियों को फटकार

ऋषिकेश।

एम्स मार्ग पर सडक़ घंसने से ट्रक उसमें फंस गया। इससे मार्ग पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने लोनिवि के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच के निर्देश भी दिये। ज्ञात हो कि की सीवर कार्य खत्म होने के बाद हाल ही में सडक़ का निर्माण किया गया है। रविवार को विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल एम्स रोड ऋषिकेश पहुंचे। वहां उन्होंने मार्ग में लोडेड ट्रक के धंसने पर नाराजगी जताई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी से फोन पर ही नाराजगी जताई। कहा कि हाल ही में एम्स मार्ग बनाया गया है, ऐसे में यह मार्ग क्षतिग्रस्त कैसे हो सकता है। उन्होंने मार्ग निर्माण में अनियमितता को लेकर जांच के निर्देश दिए। कहा कि विभाग की इस लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोनिवि के सहायक अभियंता उपेंद्र गोयल को मौके पर बुलाया गया। उपेंद्र गोयल ने कहा कि सडक़ के नीचे पानी की लाइन बिछी होने से यह समस्या आई है। प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मोटर मार्ग निर्माण से पूर्व तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए थी, ताकि इस प्रकार की घटना ना होती द्य विस अध्यक्ष ने सडक़ मार्ग का निरीक्षण करते हुए दोनों तरफ पानी से भरे हुए गड्ढों पर भी नाराजगी व्यक्त की। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह नेगी समेत कई लोग उपस्थित थे।