सड़क दुर्घटना में पत्नी की मौत, पति घायल
रुड़की। शहर में टोडा कल्याणपुर गांव के पास हाईवे पर बाइक सवार दंपति को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरवाला जिला मुजफ्फरनगर निवासी अंकित कुमार अपनी पत्नी परी (20) के साथ डालूवाला खुर्द निवासी रिश्तेदारों के घर गए थे। सोमवार को वह बाइक से घर लौट रहे थे। टोडा कल्याणपुर गांव के पास हाईवे पर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। दुघर्टना में दंपत्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच कार को लेकर चालक फरार हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

