हर्षोल्लास के साथ मनाया महाशिवरात्रि का पर्व
हरिद्वार। महाशिवरात्रि के पर्व पर धर्मनगरी के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लम्बी कतार लगनी शुरू हो गई। हरकी पैड़ी गंगा घाट पर स्नान कर गंगाजल लेकर जाने वाले कांवडियों की भीड़ भी देखने को मिली। हरकी पैड़ी से लेकर शिवालयों पर सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। धर्मनगरी में शिवालय सुबह से बम बम बोल के जयकारों से गुंजायमान हो गए। महाशिवरात्रि पर धर्मनगरी के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर से लेकर देहात तक महाशिवरात्रि का पर्व पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने लगे थे। शिव के ससुराल कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचने शुरू हो गए थे। सुबह से ही दक्षेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लम्बी कतार लग गई थी, लेकिन लम्बी कतार भी श्रद्धालुओं के जोश को कम नहीं कर पायी। लाइनों में लगे श्रद्धालु भोले की जय के नारे लगा रहे थे जिससे पूरा मंदिर परिसर गूंज रहा था। कनखल के दरिद्र भंजन, दुख भंजन, तिलभांडेश्वर और पारद शिवलिंग मंदिर में भी काफी संख्या में श्रद्धालु देखने को मिले। श्रद्धालु भगवान शंकर के मंदिर में गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा चढ़ाकर शिवकृपा की कामना करते दिखे। वहीं हरिद्वार बाईपास मार्ग पर स्थित बिल्वकेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटी रही। मंदिर परिसर में भीड़ अधिक होने के कारण व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की गई थी। इसके अतिरिक्त ज्वालापुर, मध्य हरिद्वार, उत्तरी हरिद्वार के कई शिवालयों में भी काफी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचे।

