सेना का जवान बताकर ठग लिए 2.61 लाख
हरिद्वार। भारतीय सेना का जवान बताकर एक व्यक्ति को डरा धमकाकर 2.61 लाख की रकम हड़प ली गई। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र की टिहरी विस्थापित कालोनी निवासी ठाकरचंद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसने फेसबुक पर मोटरसाइकिल बेचने का विज्ञापन देखकर उस मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क साधा था। मोबाइल फोन नंबर धारक ने अपना नाम संतोष कुमार साहू बताते हुए जानकारी दी थी कि वह भारतीय सेना में कार्यरत है। आरोप है कि उसने विश्वास कर उसे करीब दस हजार रुपये पेटीएम कर दिए थे, जिसके बाद आरोपी ने मोटरसाइकिल एक घंटे में भेजने की बात कहकर उससे बाकी रकम भी ले ली। आरोप है कि मोटरसाइकिल उसे नहीं भेजी गई। फिर आरोपी ने उसे अपहरण कर झूठे मुकदमे में फंसवा देने की धमकी देकर उससे अलग-अलग किश्त में 2.61 लाख की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

