ऋषिकुल और गुरुकुल परिसर के कर्मचारियों ने किया वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन
हरिद्वार।
आयुर्वेद विवि के ऋषिकुल परिसर में राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल और गुरुकुल परिसर के कर्मचारियों ने वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने दो महीनें का रुका हुआ वेतन जल्द दिये जाने, कर्मचारियों की पदोन्नति किए जाने और गोल्डन कार्ड बनाये व सुविधा आदि की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा ने कहा कि विवि के ऋषिकुल और गुरुकुल परिसर के कर्मचारियों को समय से वेतन, गोल्डन कार्ड, पदोन्नति समय से नहीं हो पा रही है। मृतक आश्रित कर्मियों की नियुक्ति और उनके देयकों का समय से भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में विवि के कुलपति प्रो. सुनील कुमार जोशी को अवगत कराया गया था। लेकिन कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। ऋषिकुल और गुरुकुल कांगड़ी आयुर्वेद परिसर के कर्मचारियों ने मांगे जल्द पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है। इस अवसर सुनीता, आनन्दी देवी, मोहित मनोचा, बीना मठपाल, नीता राणा, संध्या रतूड़ी, अजय कुमार, विनोद, दीपक, सतीश कुमार, विनोद कश्यप, मनोज पोखरियाल, नितिन कुमार, ज्योति नेगी, राकेश मौजूद रहे।

