HARIDWARUTTARAKHAND

रास्ते में खड़ी कार हटवाने को लेकर दो पक्षो में खूनी संघर्ष, पीएसी तैनात

हरिद्वार

पथरी क्षेत्र के गांव बहादरपुर जट में रास्ते से खड़ी कार को हटवाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने लाठियां फटकारकर दोनों पक्षों को घटना स्थल से भगाते हुए मामला शांत कराया।दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने गांव में पीएसी तैनात की है। पुलिस के अनुसार फारूक निवासी बहादरपुर जट ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह अपने एक दोस्त के साथ सराय से बाइक पर सवार होकर अपने घर आ रहा था। गांव में दूसरे पक्ष ने रास्ते में कार खड़ी कर रखी थी। आरोप है कि जब उन्हें रास्ते से कार हटाने को कहा तो उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे लेकर आमने सामने आ गए। हंगामा बढ़ता देख इस बीच किसी ने मारपीट की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। गुरुवार सुबह दोनों पक्षों ने मेडिकल कराने के बाद एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। मारपीट में फारूक, जुबेर, इजाकल, अफजाल घायल हुए हैं। एसओ पवन डिमरी ने बताया दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। बहादरपुर जट गांव में लगातार हुई तीन घटनाओं के बाद पुलिस ने कड़ी सुरक्षा इंतजाम किया है। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये गांव में पीएसी को तैनात कर दिया है।