छोटे किसानों को ऋण देने में दें वरियता
पौड़ी। जिला स्तरीय सलाहकार एवं अनुवीक्षण समिति की बैठक में सीडीओ ने बैंकों को छोटे किसानों व छोटे-मोटे कामकाज करने वालें लोगों को ऋण देने में वरियता देने के निर्देश दिए। कहा कि किसानो को मौसम आधारित फसल बीमा योजना के लिए प्रोत्साहित करे और प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, सौर स्वरोजगार, होमस्टे, बीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना जैसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक दिलाया जाए। डीएम सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ अपूर्वा पांडे ने सभी बैंकर्स व रेखीय विभागों को आपस में सामंजस्य बनाते हुए लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। लीड बैंक अधिकारी अनिल कटारिया ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पौड़ी जिले ने प्रदेश में प्रथम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। कहा कि पौड़ी जिले को शासन द्वारा इस वर्ष डिजिटलीकरण के लिए चुना गया है। सभी बैंकों द्वारा डिजिटल बैंकिंग को बढ़ाने के भरसक प्रयास किये जा रहे हैं। सभी ग्राहकों को बैंकिंग के डिजिटल माध्यमों से लेन देन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैंकों द्वारा सभी ग्राहकों को भीम ऐप की जानकारी, ग्राहकों को इससे होने वाले फायदों के बारे भी जानकारी दी जा रही है। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए संजीव कुमार रॉय, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, महाप्रबंधक उद्योग शैलेंद्र डिमरी, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, बैंक प्रबंधक एसबीआई सुधांशु नेगी, पीएनबी अरूण कुमार, आईसीआईसी आशीष बडोनी, सहायक लीड बैंक अधिकारी भूपेश नौटियाल आदि शामिल रहे।
