HARIDWARUTTARAKHAND

यूबीटीईआर से चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज लेगी एसआईटी

हरिद्वार

हाईकोर्ट की ग्रुप डी भर्ती को लेकर जांच कर रही एसआईटी ने उत्तराखंड बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन रुड़की (यूबीटीईआर) से भर्ती हुए अभ्यर्थियों के दस्तावेज लेने की तैयारी शुरु कर दी है। एसएसपी अजय सिंह ने एसआईटी संग बैठक कर अहम दिशा निर्देश जारी किए है। चूंकि प्रकरण हाईकोर्ट की भर्तियों से जुड़ा है इसलिए एसआईटी फूंक फूंक कर कदम रख रही है। हाईकोर्ट ने वर्ष 2018 में ग्रुप डी के 37 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन रुड़की ने इन सभी पदों के लिए वर्ष 2020 में परीक्षा सम्पन्न कराई थी। अगले साल इन पदों पर चयनित हुए 37 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया गया था। हाल ही में पटवारी भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक कांड के उजागर के बाद ग्रुप डी में भर्ती हुए दो अभ्यर्थियों के भी पटवारी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक कांड से जुड़े होने की बात उठी थी। सवाल खड़े होने पर हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार को इस संबंध में जांच कराने के आदेश जारी किए थे। हाईकेार्ट के आदेश के बाद गृह विभाग ने एसआईटी से ही इस प्रकरण की जांच के आदेश जारी किए हैं। उसी के तहत अब ग्रुप डी में भर्ती हुए अभ्यर्थियों की सूची से लेकर उनके दस्तावेज लेने के लिए अब एसआईटी यूबीटीईआर से संपर्क करने की तैयारी में जुट गई है। एसएसपी अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रकरण को लेकर एसआईटी को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। कई बिंदुओं पर एसआईटी जांच कर रही है। उसी के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।