HARIDWAR

कांग्रेसियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल रहा मुस्तैद

हरिद्वार, 30 मार्च। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देवभूमि हरिद्वार आगमन पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस नेत्रियों ने चन्द्राचार्य चौक पर गृह मंत्री अमित शाह के आगमन पर अमित शाह गो बैक के नारे लगा कर विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेसियों के प्रदर्शन करते हुए महिला पुलिस अधिकारियों समेत कर्मियोें ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को घेर कर हिरासत में ले लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला ने कहा कि भाजपा द्वारा लोकतंत्र की हत्या की गई है ऐसे लोकतंत्र के हत्यारो को देवभूमि को कलंकित करने का काम हम नही करने देंगे। केंद्र व राज्य सरकार जनहित के कार्य न कर विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही हैए लगता है प्रधानमंत्री, गृह मंत्री व सभी भाजपाई ये भूल गए हैं कि हिटलरशाही तो उस हिटलर की भी नहीं चली जो आज भाजपा कर रही है। महिला कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने कहा कि भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही लगता है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपाई डर गए हैं तभी केवल एक प्रश्न का जवाब देने से डर रहे हैं सदन स्थगित किया जा रहा है आखिर मोदी का अडानी के प्रति ऐसा कौन सा प्रेम है। जिसका जवाब मोदी नहीं दे पा रहे हैं। हरिद्वार पूर्व जिला अध्यक्ष विमला पांडे ने कहा कि भाजपा डर गई है तभी विपक्ष को बोलने का मौका नहीं दे रही है, हम देश के गृह मंत्री अमित शाह के देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर उनका विरोध करते हैं। सभी महिलाओं ने अमित शाह गो बैक, तानाशाही नहीं चलेगी, लोकतंत्र की हत्या बन्द करो, संविधान की हत्या बन्द करो नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में विमला पांडे, अंशुल त्यागी, निशा शर्मा, सुषमा सहगल, वेदरानी, नीतू बिष्ट, अंजू दिवेदी, मालती प्रजापति, सुनिता ठाकुर, लक्ष्मी मिश्र, मंजू रानी, सपना बाल्मिकी आदि भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर जिला युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में अमित शाह के हरिद्वार पहुंचने पर काले झंडे दिखाने के अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पुराना रानीपुर मोड़ पहुंचे। लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा जिला युवा कांग्रेस की घोषणा को देखते हुए पहले से ही मुस्तैद था। जब जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में युवा कांग्रेसी पुराना रानीपुर मोड़ पहुंच, तभी पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा जिस प्रकार हमारे नेता राहुल गांधी के साथ साजिश करके उनकी संसद सदस्यता रद्द की गई है, उसी का विरोध जताने के लिए वे अमित शाह के हरिद्वार दौरे का विरोध जताने के लिए वह पुराना रानीपुर मोड़ पर एकत्रित हुए, लेकिन मोदी व धामी इतना डरे हुए हैं कि वह उनके विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस का सहारा लेना पड़ रहा है। लेकिन युवक कांग्रेस का कार्यकर्ता देश व लोकतंत्र को बचाने के लिए अपनी जान तक कुर्बान करने को तैयार है। प्रदर्शन करने पहुंचने वालों में महानगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष तुषार कपिल, समर्थ गर्ग, ठाकुर रतन सिंह, गौरव चौहान आदि शामिल रहे। पुलिस युवा कांग्रेसियों को वाहन में डालकर अज्ञात स्थान पर ले गये। जिला युवा कांग्रेस की ओर से केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम स्थल से चंद कदमों की दूरी पर ही अपना विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम निर्धारित कर उसका प्रचार प्रसार किया गया था। जिसके बाद से एलआईयू समेत पुलिस सतर्क थी। लेकिन महिला व युवा कांग्रेसियों द्वारा काले झण्डे दिखाने की घोषणा की गयी थीए लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते दोनों ओर प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी काले झण्डे तक नहीं निकाल पाये।