पति को नशीला पदार्थ सुंघाकर पत्नी बच्चे को संग फरार
रुडक़ी।
पति को रात के समय नशीला पदार्थ खिलाकर पत्नी तीन वर्षीय बच्चे को साथ लेकर फरार हो गई है। आरोप है कि घर में रखी करीब पचास हजार की नकदी भी अपने साथ ले गई। भगवानपुर चंदनपुर निवासी एक युवक की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। इस दौरान विवाहिता ने एक बेटे को भी जन्म दिया। कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी। बताया गया कि जनवरी 2021 को विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। इसी दौरान भगवानपुर का ही एक युवक घर से फरार हुई विवाहिता को बाइक पर बैठा कर ले जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार जैनपुर पहुंचा तो किसी ने उसे देख लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बाइक सवार युवक व घर से फरार विवाहिता को पकडक़र चौकी ले आए। जहां दोनों से पूछताछ की गई। इसी दौरान विवाहिता का पति व मायके वाले भी पुलिस चौकी पहुंच गए। पति व मायके वालों ने विवाहिता को घर ले जाने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद गांव के मौजूद लोगों ने लिफ्ट देने वाले युवक के साथ उसकी शादी कर दी थी। तभी से दोनों पति-पत्नी के रूप में लंढौरा के एक मोहल्ले में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। बताया गया है कि बुधवार की देर रात को विवाहिता ने अपने पति को कोई नशीला पदार्थ खिला दिया और इसी का फायदा उठाकर तीन वर्षीय बच्चे को साथ लेकर फरार हो गई। मामले का पता दिन निकलने पर चला और आसपास में विवाहिता को तलाश किया गया। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। आरोप है की विवाहिता घर में रखी पचास हजार की नकदी भी अपने साथ ले गई है। चौकी प्रभारी नितेश शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है

