HARIDWARUTTARAKHAND

अधर में लटका सड़क निर्माण, ग्रामीण परेशान

हरिद्वार

पथरी क्षेत्र के गांव पदार्था स्थित वन गुर्जर बस्ती में सड़क का कार्य अधर में लटका हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता ने बताया नाले निर्माण के कारण कार्य को रोक दिया गया है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क के रुके कार्य को पूरा करने की मांग की है। बीच में सड़क का निर्माण रोकने से ग्रामीण परेशान हो गए है। पथरी क्षेत्र के गांव पदार्था, वन गुजर बस्ती के साथ अन्य कई गांव में टूटी सड़कों को बनाने का कार्य चल रहा था। ठेकेदार द्वारा लगभग दो किमी तक सड़क का निर्माण भी कर दिया गया है। लेकिन सड़क के दोनों ओर नाले के धीमे कार्य के कारण सड़क के कार्य को रोक दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील थी। ग्रामीण सुनील, दीपक, राम कुमार, दीपक चौहान, राजेश कुमार, किशन कुमार, सुनील चौहान आदि का कहना है कि सड़क निर्माण देरी से शुरू होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है जल्द कार्य शुरू होता तो अभी तक सड़क बनकर तैयार हो जाती। आरोप है कि सड़क को उखाड़ कर नुकीले पत्थर डाले गये है, जो ग्रामीणों के लिए मुसीबत बने हुए है। उधर लोनिवि के अधिकारी सुनील कुमार ने बताया सड़क के पास नाले का निर्माण हो रहा है। जिस कारण सड़क का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। जल्द रुके हुए कार्य को शुरू किया जाएगा।