HARIDWARUTTARAKHAND

कांग्रेस करेगी पूरे प्रदेश में संकल्प उपवास : नेता प्रतिपक्ष

हरिद्वार

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में बहुत जल्द संकल्प उपवास करेंगी। संपर्क से संवाद कर पूरे प्रदेश में सच जनता तक पहुंचाएगी। यशपाल आर्य ने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई मजबूती से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लड़ने की जरूरत है। राहुल गांधी को मीर जाफर कहा जा रहा है। संसद में सवालों का जवाब नहीं मिल रहा है। अडानी को बचाने की कोशिश हो रही है। विपक्ष की मांग जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की है। सत्ताधारी पार्टी जेपीसी नहीं बनना चाहती है। भाजपा राहुल गांधी से इतना डरती क्यों है? यह बातें नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को हरिद्वार में प्रेस वार्ता के दौरान कही।
शुक्रवार को जयराम आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के हालात खराब है। कठिन दौर से देश गुजर रहा है। लोकतंत्र खतरे में है। मूल अधिकारों का हनन हो रहा है। अभिव्यक्ति की आजादी पर भाजपा रोक लगा रही है। संविधान को तोड़ा जा रहा है। सत्ता का दुरुपयोग हो रहा है। राहुल गांधी ने पूछा कि पीएम और अडानी के रिश्ते क्या है? सत्ता पक्ष सवालों से बचने के लिए सदन की प्रक्रिया बाधित कर रहा हैं। राहुल गांधी के अनुरोध पर भी बोलने का अवसर नही दिया गया। राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी गई। सदन में जवाब नही मिलेगा तो सांसद और विधायक कहा बोलेंगे। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर कर जनता को सच बताएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अडानी के घोटाले पर संसद में राहुल गांधी के भाषण के ठीक नौ दिन बाद उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा फिर से शुरू हो गया। राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण से अडानी घोटाले के बहुत विशिष्ट संदर्भ और राहुल गांधी के लोक सभा में दिए भाषण को लगभग पूरी तरह से रिकॉर्ड से हटा दिया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग, रकित वालिया, ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा, विकास चंद्रा, दीपक जखमोला, अमित नौटियाल, सोनू लाला, हरद्वारी लाल, राजेंद्र श्रीवास्तव, बालेश्वर, झंडा सिंह, बृजमोहन बर्थवाल, वीएस तेलियान, कैलाश प्रधान, पंकज सोनकर, गौरव प्रधान, रविश भटीजा, अनुज चौधरी, सुखमिंदर आदि मौजूद रहे।
आरोप लगाना भाजपा की घटिया चाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ओबीसी समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाना भाजपा की घटिया चाल है। न तो नीरव मोदी और न ही ललित मोदी ओबीसी हैं। उनकी जाति जो भी हो। क्या उन्होंने धोखाधड़ी नहीं की है? भाजपा धोखेबाजों को क्यों बचा रही है? कांग्रेस पार्टी में दो ओबीसी मुख्यमंत्री हैं। कांग्रेस ओबीसी के योगदान को महत्व देती है।
बोलने से पहले यह सोच लेना चाहिए
ज्योतिराज सिंधिया और गुलाम नबी आजाद द्वारा की जा रही बयानबाजी पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुछ बोलने से पहले यह सोच लेना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी के यह सब सीनियर लीडर रहे हैं। और कांग्रेस ने इन्हें बहुत कुछ दिया भी है। जब कांग्रेस कठिन समय से गुजर रही है। तो उन्हें लगता है कि कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। इसीलिए इस तरह की बयान बाजी कर रहे हैं।
मोहन भागवत को सब कुछ माफ
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के द्वारा जयपुर में दिए गए बयान पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में मोहन भागवत को सब कुछ माफ है। अभी तो सिर्फ घुसपैठिया कहा है। आने वाले समय में पता नहीं मोहन भागवत क्या क्या कहेंगे?