सरकार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही: जोशी
हरिद्वार। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। किसानों के लिए नए-नए कृषक उपकरण मुहैया कराए जा रहे हैं। सोमवार को कृषि मंत्री गणेश जोशी ब्लॉक बहादराबाद में कृषक महोत्सव में किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार और अधिकारी संकल्पबद्ध है। उत्तराखंड पहला राज्य है जिसने मंडुवे का एमएसपी 35.78 रुपये, गेहूं और चावल का 21-22 रुपये तय किया है। उन्होंने कहा कि किसानों ने कई फसलों को उगाना बंद कर दिया था। अब उनको दोबारा उगाया जा सकेगा। इससे पहले कृषि मंत्री गणेश जोशी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में पहुंचे। यहां पर उन्होंने करीब 25 स्टॉलों का निरीक्षण किया।
चेयरमैन रेशम विभाग अजित चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर एक पत्र अधिकारी को दिया गया था। लेकिन वह पत्र एक माह विभाग में घूमने के बाद वापस उनके पास आ गया। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसानों तक सरकार की योजनाएं अधिकारी कैसे पहुंचाते होंगे। इसलिए उस पत्र को मजबूरन मंत्री के सामने रखना पड़ा है। मुख्य विकास अधिकारी विजय देवराडी ने बताया कि 25 अप्रैल से 5 मई तक प्रत्येक दिन विकास खंडों की न्याय पंचायत में कृषक महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन, पूर्व राज्यमंत्री सुशील चौहान, बीर सिंह, बहादराबाद ब्लाक प्रमुख आशा नेगी, लक्सर ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार दौलत, जिलाध्यक्ष ओबीसी सेवा राम प्रजापति, किसान मोर्चा अध्यक्ष मनीष चौधरी, नपेंद्र चौधरी, खानपुर ब्लॉक प्रमुख मनीष चौधरी, सहायक कृषि अधिकारी सुरेश पाल, सहायक कृषि अधिकारी दिनेश कुमार, बहादराबाद कृषि एंव भूमि संरक्षण अधिकारी सोमांस गुप्ता आदि मौजूद थे
