ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
रुडकी।
निरंजनपुर गांव के पास कलसिया निवासी युवक की बाइक को अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। बाद में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस दुर्घटना की जानकारी से इनकार कर रही है। खानपुर थाने के कलसिया गांव के एक युवक लक्सर में निरंजनपुर गांव के आसपास खेती करने के लिए कुछ जमीन ठेके पर ली हुई है। इस जमीन में उसने धान की फसल बो रखी थी। युवक फसल में खाद डालने के लिए खेत पर गया था। दोपहर बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। निरंजनपुर गांव से थोड़ा आगे आते ही अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे युवक बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपने वाहन सहित वहां से फरार हो गया। राहगीरों ने युवक के परिजनों को सूचना दी और फिर तुरंत उसे रायसी के अस्पताल भिजवाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया, लेकिन युवक की अस्पताल में मौत हो गई। मौत होने पर परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। लक्सर कोतवाल प्रदीप चौहान का कहना है कि पुलिस को दुर्घटना की सूचना नहीं दी गई है।

