UTTARAKHAND

पति से मनमुटाव पर पत्नी ने किया आत्महत्या का प्रयास

रुडकी।

पति से मनमुटाव होने पर पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने किसी तरह दरवाजा तोडक़र महिला को कमरे से बाहर निकाला। मामला दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा तो वह कोतवाली पहुंच गए। जहां दंपति ने एक-दूसरे पर मानसिक और शारीरिक उत्पीडऩ करने का आरोप लगाया। सिविल लाइंस कोतवाली को दुर्गा कॉलोनी निवासी अर्धसैनिक बल में कार्यरत कर्मचारी ने बताया कि करीब पांच साल पूर्व विवाह हुआ था। कुछ समय तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। लेकिन उसके बाद दोनों में मनमुटाव होने लगा। पति का आरोप है कि पत्नी दबाव बनाकर परिवार से अलग करना चाहती है। मामूली बातों को लेकर ससुर व अन्य लोगों से अभद्रता करती है। कई बार मामूली बातों को लेकर विवाद कर चुकी है। मामले की जानकारी पत्नी के परिजनों को भी दी गई। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। मंगलवार सुबह भी पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। लेकिन परिजन वक्त रहते पहुंच गए। वहीं दूसरी ओर महिला का आरोप है कि पति गुस्सैल है और मामूली बातों को लेकर मारपीट करता है। जब से शादी हुई है तभी से उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीडऩ किया जा रहा है। मंगलवार को भी पति ने मारपीट कर घायल कर दिया। जिसकी सूचना परिजनों को लगी तो वह घर आए। इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा ने बताया कि दंपति में घरेलू विवाद चला आ रहा है। दोनों को महिला हेल्पलाइन में शिकायत करने के लिए भेजा गया है।