राशन डीलर पर लगाया धांधली का आरोप
रुडकी।
अलावलपुर गांव के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी लक्सर से मिलकर गांव के राशन डीलर पर राशन वितरण करने में धांधली करने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि चार अगस्त को भिक्कमपुर गांव में लगे जन समस्या निवारण कैंप में भी ग्रामीणों ने मामले की शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। मंगलवार को फतवा गांव निवासी विजयपाल, संजीव चौधरी, अनूप कुमार, ओमपालसिंह, महीपालसिंह, कुलवीर, भोपाल सिंह, बिजेंद्र आदि उपजिलाधिकारी लक्सर से मिले। साथ ही लिखित में शिकायत कर बताया कि अलावलपुर गांव के सरकारी सस्ता गल्ला राशन की दुकान भिक्कमपुर गांव की सरकारी राशन की दुकान से अटैच कर रखी है। जिसके चलते वर्तमान में अलावलपुर गांव में भी भिक्कमपुर गांव कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का स्वामी ही राशन वितरण कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर राशन वितरण करने में धांधली कर रहा है। राशन डीलर ने कोरोना काल में मिलने वाला जून महीने का राशन भी नहीं दिया है। जून माह का राशन बांटने के लिए राशन डीलर को बार-बार कहा जा रहा है। लेकिन राशन डीलर ने राशन वितरण नहीं किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि 4 अगस्त को भिक्कमपुर गांव में जन समस्या निवारण कैंप लगाया गया था। जिसमें मौजूद उपजिलाधिकारी लक्सर व अन्य अधिकारियों के समक्ष भी ग्रामीणों ने इस संबंध में लिखित में शिकायत की थी। उसके बावजूद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने जल्द ही मामले की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उप जिलाधिकारी लक्सर शैलेंद्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

