बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
हरिद्वार
बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर विभिन्न प्रांतों से आये लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत शहर के अलग-अलग गंगा घाटों पर स्नान कर पुण्य अर्जित किया। पुलिस प्रशासन की ओर से स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए व्यापक बंदोबस्त किये गये थे। मेला क्षेत्र को 07 जोन और 20 सेक्टरों में विभक्त किया गया था। साथ ही शहर व हाईवे पर जाम से निपटने के लिए यातायात प्लान भी लागू किया गया था। ताकि हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना ना करने पड़े। वहीं हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस ने चौकिंग अभियान चलाया। तीर्थनगरी में बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर तड़के से ही विभिन्न प्रांतों व स्थानीय नागरिकों का स्नान करने के लिए हरकी पैड़ी समेत शहर के अलग-अलग गंगा घाटों पर तांता लग गया। श्रद्धालुओं को हर-हर गंगे को उद्घोष के साथ गंगा में डुबकी लगाते हुए मन्दिरों में पूजा अर्चना की और अपने परिवार समेत शुभचिंतकों की कुशलता की कामना की। श्रद्धालुओं ने स्नान ध्यान के बाद मां मंशा देवी व मां चण्डी देवी मन्दिर पहुंचकर मां शाक्ति के दर्शन करते हुए अपने व परिजनों के लिए आशीर्वाद मांगा। पुलिस प्रशासन की ओर से भी स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए व्यापक बंदोबस्त किये गये थे। मेला क्षेत्र को 07 जोन व 20 सेक्टर में विभक्त किया गया था। जिनमें जोनल व सेक्टर अधिकारियों को तैनात करते हुए स्नान को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए निर्देश दिये गये थे। स्नान पर्व की पूर्व संध्या से ही पुलिस प्रशासन द्वारा अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाते हुए मेला क्षेत्र में पुलिस बल को तैनात कर दिया था। मेले में तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को आलाधिकारियों द्वारा टिप्स दिये गये थे। वहीं शहर के भीतर व हाईवे पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात प्लान लागू करते हुए तैनात पुलिस बल को कड़े निर्देश दिये गये थे।

