क्रास कंट्री दौड़ में राजू और बीना ने मारी बाजी
पौड़ी
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत खेल विभाग के तत्वावधान में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के बालक व बालिकाओं की क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। क्रॉस कंट्री दौड़ को विधायक मुकेश सिंह कोली व डीएम डा. विजय कुमार जोगदण्डे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। क्रॉस कंट्री दौड़ बालक वर्ग में 8 किमी व बालिका वर्ग में 5 किमी की दौड़ रखी गई थी। दौड़ कंडोलिया-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर आयोजित हुई। क्रास कंट्री दौड़ बालक वर्ग में राजू सिंह व बालिका वर्ग में बीना ने पहला स्थान पाया। इस मौके पर विधायक मुकेश कोली ने प्रतिभागियों में जोश भरते हुए कहा कि दौडेगा इण्डिया फिट रहेगा इंडिया। उन्होने आजादी की 75वीं वर्षगांठ की वृहद एवं भव्य आयोजन को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। डीएम ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में 75 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। कहा कि इसी के अंतर्गत तहत क्रास कंट्री का आयोजन किया गया। जिसमे 60 से अधिक युवक व युवतियों ने हिस्सा लिया। क्रास कंट्री दौड़ 8 किलोमीटर बालक वर्ग में राजू सिंह ने पहला, अनुज कुमार ने दूसरा व मौ. अली ने तीसरा स्थान पाया। 5 किलोमीटर दौड़ बालिका वर्ग में बीना पहले, मोनिका दूसरे व रोशनी तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर एडीएम डा. एसके बरनवाल, एसडीएम एसएस राणा, डीडीओ वेद प्रकाश, अर्थ एवं संख्याधिकारी संजय शर्मा, कृषि अधिकारी डीएस राणा, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी के एस नेगी आदि शामिल थे।

