राजलोक कॉलोनी में 9 घंटे बिजली गुल
हरिद्वार
लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव के साथ ही बिजली की समस्या से लोग परेशान रहे। कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बारिश की वजह से प्रभावित रही। राजलोक कॉलोनी में सुबह छह बजे बिजली गुल हो गई थी। नौ घंटे तक क्षेत्र के करीब बीस हजार की आबादी बिजली की सुविधा से परेशान रही। विद्युत विभाग के एसडीओ रुपेश शर्मा ने बताया कि 33 हजार की लाइन में फाल्ट आ गया था। जिसको सुधारने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गयी है। क्षेत्रीय निवासी विपिन गुप्ता, सुरेश चौहान, ताराचंद, सुमित, सीमा, रेखा, द्रोण, कपिल, पंकज,सक्षम, प्रतीक, अशोक प्रजापति ने बताया कि सुबह से ही लाइट न होने के कारण क्षेत्र की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन्वर्टर भी बंद हो गए। जिसके बाद कई जरूरी काम प्रभावित हुए। इसके अलावा ऋषिकुल, मायापुर के कुछ क्षेत्र, ज्वालापुर के कई इलाके, कनखल में भी बिजली की आंख मिचौली जारी रही। जिससे क्षेत्रीय जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ी। एसडीओ रुपेश शर्मा ने बताया कि विभागीय कर्मचारी सुबह से ही लाइन में आयी कमी को ढूंढ रहे थे। जिसको ठीक कर विद्युत आपूर्ति करीब साढ़े तीन बजे तक सुचारु कर दी गयी थी।

