HARIDWAR

जलभराव के स्थाई समाधान पर होगा फोकस : डीएम

हरिद्वार। शहर में जलभराव के दौरान जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल हालात का जायजा लेने सड़क पर उतर गए। डीएम ने अधीनस्थों के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थाई समाधान को लेकर मंथन किया। जिलाधिकारी का कहना है कि जलभराव के स्थाई समाधान खोजने की आवश्यकता है, जिसके लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा। शहर के छोटे-बड़े नालों की सफाई को लेकर भी रिपोर्ट तलब की गई है। डीएम ने चंद्राचार्य चौक, भगतसिंह चौक, बहादराबाद वाल्मीकि बस्ती, लॉटोवाली, कृष्णानगर, कनखल, दीप पब्लिक स्कूल बहादराबाद, भारत माता मंदिर के पास, रानीगली, हरिद्वार बस स्टैण्ड, मॉडल कॉलोनी से लेकर कई क्षेत्रों का निरीक्षण कर आमजन से उनकी पीड़ा सुनी। जिलाधिकारी ने बताया कि जलभराव से निपटने को लेकर बृहद स्तर पर प्लानिंग की जाएगी। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण को भी जलभराव की एक बड़ी वजह बताया जा रहा है, जिस दिशा में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नाले कहां कहां बंद थे, इसकी भी जानकारी ली जा रही है। डीएम ने कहा कि जल्द जलभराव को लेकर सभी विभागों की बैठक बुलाई गई है। इस दौरान एडीएम ( वित्त एवं राजस्व) बीर सिंह बुदियाल, एडीएम (प्रशासन) पीएल शाह, एसडीएम पूरण सिंह राणा समेत अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।