फसलों के नुकसान का मुआवजा दे सरकार
रुड़की। प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने गंगा और सोलानी नदी के आसपास बसे लक्सर तहसील के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने किसानों से बात की और ज्यादा बारिश होने की वजह से हुए उनके नुकसान की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने किसानों को इसका मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेश रस्तोगी ने सोमवार सुबह पार्टी के पदाधिकारी बालेश्वर सिंह, आनंद कुमार, अंकित चौधरी, सुरेंद्र शर्मा, राव आफाक, इलमचंद, बबलेश, मनोहर लाल के साथ गंगा और सोलानी नदी के आसपास के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने वहां के किसानों से बात की तथा पिछले एक सप्ताह के दौरान ज्यादा बारिश के कारण खेतीबाड़ी को हुए उनके नुकसान का ब्योरा लिया। किसानों ने बताया कि मार्च में भी ज्यादा बारिश से खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार गेहूं को बहुत नुकसान हुआ था। सरकार से अभी पिछले नुकसान का भी मुआवजा नहीं मिला है।

