HARIDWAR

48 घंटों से ज्यादा बिजली आपूर्ति रही ठप, चार हजार की आबादी रही परेशान

हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर की करीब चार हजार की आबादी 48 घंटों से ज्यादा समय तक बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान रही। 48 घंटो तक ऊर्जा निगम के अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर सके। क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति 18 जुलाई शाम चार बजे से बाधित हो गई थी। ऊर्जा निगम के पास बिजली सप्लाई सुचारू करने के लिए वैकल्पिक ट्रांसफॉर्मर की सुविधा भी मौजूद नहीं है। गुरुवार को शाम सात बजे क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर बदल कर बिजली की आपूर्ति सुचारू की गई।
ज्वालापुर के मोहल्ला कस्साबान, सोनिया बस्ती, श्यामनगर, दुर्गा चौक में 48 घंटों से ज्यादा समय तक बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी रही। ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण क्षेत्र में बिजली की सप्लाई दो दिन तक सुचारू नहीं हो सकी। स्थानीय पार्षद सोहेल कुरैशी और सामाजिक कार्यकर्ता आबाद कुरैशी ने बताया कि बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। इस कारण बेकरी, कोल्ड ड्रिंक, मिठाई, आईसक्रीम पार्लर आदि छोटे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही गर्मी से घर मे गृहणियां और बच्चें परेशान रहे। बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। कई परिवारों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता कम है। स्टोर ने उच्च स्तर से ट्रांसफॉर्मर मंगाया है। क्षेत्र में वैकल्पिक ट्राली ट्रांसफॉर्मर नहीं लग सकता था। इस कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। गुरुवार शाम पांच बजे ट्रांसफॉर्मर मौके पर पहुंच गया था। सात बजे तक क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुचारू कर दी गई। -शिल्पी सैनी, एसडीओ ऊर्जा निगम