HARIDWAR

जेएम से वार्ता विफल, कर्मचारियों का धरना जारी

रुड़की। रजिस्ट्रार कानूनगो पर हमले के आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारियों का धरना जारी रहा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया। वार्ता विफल होने पर कर्मचारियों ने मंगलवार को भी आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
प्रशासन की टीम सोलह जुलाई की रात जलभराव प्रभावित क्षेत्र साउथ सिविल लाइंस में थी। टीम में रजिस्ट्रार कानूनगो विजेंद्र सिंह भी थे। आरोप है कि पार्षद सचिन चौधरी ने उनके साथ मारपीट की। मामले में सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन मुख्य आरोपी पार्षद अब तक हाथ नहीं आया है। कर्मचारी पार्षद की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस ने पार्षद की सूचना देने वाले को पच्चीस हजार इनाम देने की घोषणा की है।