भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग हैं त्योहार: रानी गर्ग
हरिद्वार। वैश्य बंधु समाज की महिला वाहिनी की संरक्षक नरेश रानी गर्ग ने कहा कि व्रत, उत्सव और त्योहार भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। हरियाली तीज महिलाओं का उत्सव है। इस दिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती के निमित्त व्रत रखती हैं और पति की लंबी आयु और परिवार के लिए मंगल कामना करती हैं। यह बातें उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कही।
वैश्य बंधु समाज मध्य हरिद्वार की महिला वाहिनी ने हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में महिलाओं ने गीत संगीत से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हाईवे स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाली तीज की बधाई महिलाओं को दी गई। अध्यक्ष निधि बंसल और महामंत्री प्रीती अग्रवाल ने कहा कि संस्कृति एवं परंपरा को दर्शाने वाले तीज पर्व को महिलाएं प्रतिवर्ष उत्साह के साथ मनाती चली आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी परंपराओं का पालन करना चाहिए। डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किया जाना जरूरी है। महिलाएं समाज के उत्थान में विशेष भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर गौरी गर्ग, वंशिका गर्ग, रुचि, शालू गर्ग, अलका अग्रवाल, आंचल अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, प्रतिमा अग्रवाल, वंदना गुप्ता, कृतिका बंसल, वर्षा गुप्ता आदि मौजूद रहे।

